शिक्षण उत्सव 2026 में आरंग ब्लॉक के नवाचारी शिक्षकों का सम्मान
रायपुर के होटल बेबीलोन में आयोजित समारोह में उत्कृष्ट शिक्षण नवाचारों के लिए शिक्षकों को किया गया सम्मानित, शिक्षा में नवाचार एवं गुणवत्तापूर्ण सीखने पर दिया गया जोर।

शिक्षण उत्सव 2026: होटल बेबीलोन में आरंग ब्लॉक के नवाचारी शिक्षकों का सम्मान आरंग। शिक्षा में नवाचार को बढ़ावा देने और विद्यार्थियों के लर्निंग आउटकम में सुधार के उद्देश्य से विनोबा टीम द्वारा रायपुर के होटल बेबीलोन में "शिक्षण उत्सव 2026" का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विनोबा ऐप के माध्यम से उत्कृष्ट कार्य करने वाले आरंग सहित विभिन्न विकासखंडों के नवाचारी शिक्षकों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह ने शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि यदि शिक्षक के भीतर 'गुरु भाव' जागृत हो जाए तो वह पूरे समाज की तस्वीर बदलने की क्षमता रखता है। उन्होंने मिशन उत्कर्ष एवं शासन की विभिन्न शैक्षिक योजनाओं का उल्लेख करते हुए विनोबा टीम को सफल आयोजन के लिए बधाई दी। जिला पंचायत सीईओ कुमार विश्व रंजन ने आचार्य चाणक्य का उदाहरण देते हुए कहा कि शिक्षक कभी साधारण नहीं होता। उसकी गोद में प्रलय और निर्माण दोनों पलते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज को सही दिशा देने वाला असाधारण व्यक्तित्व है। इस अवसर पर आरंग विकासखंड शिक्षा अधिकारी दिनेश शर्मा ने कहा कि प्रत्येक शैक्षिक गतिविधि का केंद्र विद्यार्थी होता है। इसलिए सभी शिक्षकों को बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए समर्पित होकर नवाचार के साथ कार्य करना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों ने सांप-सीढ़ी गेम, सिर पर गिलास रखकर पिरामिड बनाना, टारगेट गेम सहित कई रोचक शैक्षिक गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। साथ ही प्राथमिक स्तर पर बच्चों की समझ विकसित करने और शिक्षण को अधिक प्रभावी बनाने पर विचार साझा किए गए। समारोह में विनोबा ऐप के माध्यम से नवाचारी शिक्षण कार्यों के लिए आरंग ब्लॉक के शिक्षक महेंद्र कुमार पटेल, धरम दास पाटिल, अरविंद कुमार वैष्णव, ऋतंभरा चंद्राकर, राकेश जंघेल, संजय कुर्रे, भूपेंद्र वर्मा, भूमिका कश्यप, प्रीतम चंद्राकर, नीलम शर्मा, सीमा हरदेव, अरुण राव नायडू, संध्या साहू, सारिका बेलगहे, शशिकला ठाकुर, सेवती चक्रधारी, किसलाल साहू, लेखराम अडवंशी और प्रदीप धुरंधर सहित कई शिक्षकों को प्रतीक चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में डीएमसी अरुण शर्मा, एपीसी पूनम तिवारी, निशा शर्मा, माया वर्मा, सहायक परियोजना अधिकारी इंदिरा गांधी, विकासखंड केंद्र स्रोत समन्वयक सुरेंद्र सिंह चंद्रसेन, समन्वयक मनोज मुछावर सहित धरसीवां, तिल्दा और अभनपुर विकासखंड के शिक्षा विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। आयोजन को सफल बनाने में विनोबा फाउंडेशन की टीम के जितेंद्र सिंह, हेमंत साहू, अजहर सर, हरनी सिंह, अनुष्का बंजारे, तुषार साहू, राहुल पवार, खुशी रघुवंशी एवं आशीष निर्मलकर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



