विद्यार्थियों ने बनाई ‘उल्लास’ मानव श्रृंखला
साक्षरता के संदेश से गूंजा समोदा, विद्यार्थियों ने बनाई ‘उल्लास’ मानव श्रृंखला साक्षरता को लेकर विद्यार्थियों में दिखा उत्साह और उल्लास, ग्रामवासियों को दिया जागरूकता का संदेश

आरंग। उल्लास नवभारत साक्षरता पखवाड़े के अंतर्गत शासकीय सेजेस (स्वामी आत्मानंद) विद्यालय समोदा में साक्षरता जागरूकता को लेकर विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में साक्षरता के प्रति विशेष उत्साह और उल्लास देखने को मिला। कार्यक्रम में व्याख्याता मितांजली महंती ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि साक्षरता केवल पढ़ना-लिखना सीखने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह व्यक्ति के जीवन में सोचने, समझने और सही निर्णय लेने की क्षमता विकसित करती है। साक्षरता व्यक्ति को अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक करने के साथ ही बेहतर और सम्मानजनक जीवन जीने के लिए प्रेरित करती है। उनके मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने साक्षरता जागरूकता से संबंधित नारे लगाते हुए विद्यालय परिसर में ‘उल्लास’ मानव श्रृंखला बनाई। विद्यार्थियों ने मानव श्रृंखला के माध्यम से ग्रामीणों को साक्षरता के महत्व का संदेश दिया और समाज को पूर्ण साक्षर बनाने की दिशा में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न नारों के माध्यम से शिक्षा और साक्षरता के महत्व को रेखांकित किया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों के माध्यम से ग्रामवासियों तक साक्षरता का संदेश पहुंचाना तथा प्रत्येक व्यक्ति को पढ़ने-लिखने के साथ-साथ जागरूक और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य शैलेन्द्र कुमार पटले, व्याख्याता, शिक्षकगण, शाला विकास समिति के सदस्य एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में सामाजिक जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने के साथ ही पूर्ण साक्षर समाज के निर्माण का संदेश दिया।



