‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने पर धमतरी में निकली साइकिल तिरंगा यात्रा
10 किलोमीटर की यात्रा में गूंजा राष्ट्रप्रेम का संदेश, ‘टूर डे धमतरी’ के 25 साइकिल सवार भी हुए शामिल

धमतरी । राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के गौरवपूर्ण अवसर पर धमतरी जिले में शनिवार को देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और जनभागीदारी का अनुपम दृश्य देखने को मिला। जिला प्रशासन द्वारा आयोजित साइकिल तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में नागरिकों, अधिकारी-कर्मचारियों, युवाओं और विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। हाथों में तिरंगा और मन में राष्ट्रप्रेम का भाव लिए प्रतिभागियों ने करीब 10 किलोमीटर की दूरी तय कर राष्ट्रीय एकता, स्वस्थ जीवनशैली और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। यात्रा रत्नाबांधा चौक से प्रारंभ होकर मरादेव पहुंची। यात्रा में महापौर रामू रोहरा, अधिकारी-कर्मचारी, माई भारत के स्वयंसेवक, स्काउट-गाइड, एनएसएस स्वयंसेवक, गणमान्य नागरिक तथा स्कूली बच्चे शामिल हुए। विशेष आकर्षण के रूप में छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से ‘टूर डे धमतरी’ के अंतर्गत पर्यटन, युवा सहभागिता और नशामुक्ति का संदेश लेकर पहुंचे 25 साइकिल सवार प्रतिभागी भी साइकिल तिरंगा यात्रा में विशेष रूप से शामिल हुए। उन्होंने साइकिल यात्रा के माध्यम से धमतरी की प्राकृतिक एवं पर्यटन संभावनाओं को बढ़ावा देने के साथ युवाओं को नशे से दूर रहकर स्वस्थ, सक्रिय और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। तिरंगे के साथ साइकिल सवारों की सहभागिता ने यात्रा में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार किया।



