राधाकृष्ण मंदिर में 16 से 24 अगस्त तक श्रावण झूला महोत्सव
यह धार्मिक आयोजन 16 अगस्त से 24 अगस्त 2026 तक चलेगा

आरंग। प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी श्री राधाकृष्ण मंदिर ट्रस्ट, आरंग द्वारा मंदिर परिसर में श्रावण झूला महोत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह धार्मिक आयोजन 16 अगस्त से 24 अगस्त 2026 तक चलेगा। महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं के लिए रामकथा, प्रवचन एवं दुर्लभ सत्संग का आयोजन किया जाएगा। महोत्सव के अवसर पर श्रद्धेय ब्रह्मचारी संतश्री आनंदजी महाराज ऋषिकेश वाले के पावन सानिध्य में श्रीराम कथा एवं दुर्लभ सत्संग आयोजित होगा। कथा एवं धार्मिक कार्यक्रमों को लेकर मंदिर परिसर में विशेष तैयारियां की जा रही हैं। आयोजन के अनुसार प्रतिदिन प्रातः 5 बजे से 6:30 बजे तक प्रार्थना एवं प्रवचन, दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक रामकथा एवं प्रवचन तथा रात्रि 8 बजे से 9 बजे तक प्रवचन एवं प्रश्नोत्तरी का आयोजन होगा। कार्यक्रम का कथा स्थल राधाकृष्ण मंदिर, अग्रवाल पारा, आरंग रहेगा। श्री राधाकृष्ण मंदिर ट्रस्ट ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धार्मिक आयोजन का लाभ लेने की अपील की है। ट्रस्ट ने यह भी स्पष्ट किया है कि प्रवचन के दौरान संतों के फोटो लेना, चरण स्पर्श करना, भेंट अथवा रुपये-दक्षिणा चढ़ाना, जयमाला पहनाना तथा जय-जयकार करना निषेध रहेगा। आयोजन को शांतिपूर्ण एवं अनुशासित ढंग से संपन्न कराने के लिए श्रद्धालुओं से नियमों का पालन करने का आग्रह किया गया है।



