मोदी के 25 साल: सुकमा में महीनेभर चलेगा BJP का ‘सेवा संकल्प अभियान’, लाखों दीयों से आशीर्वाद का दिया होगा प्रज्वलित
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक 12 कार्यक्रम, बूथ स्तर तक पहुंचेगी भाजपा। गांवों में 25 साल पहले और अब के बदलाव को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर दिखाने की तैयारी।

सुकमा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में 25 वर्ष पूरे होने के मौके पर भाजपा सुकमा में महीनेभर का ‘सेवा संकल्प अभियान ’ मनाएगी। 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले इस अभियान में जिलेभर में 12 प्रमुख कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष जी. वेंकट ने शनिवार को अटल सदन में प्रेसवार्ता कर अभियान की रूपरेखा साझा की। अटल सदन में प्रदेश उपाध्यक्ष जी वेंकट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभाली थी। उनके मुताबिक, उस समय गुजरात भूकंप और सूखे जैसी चुनौतियों से जूझ रहा था। इसके बाद 2014 में प्रधानमंत्री बनने के समय देश के सामने आर्थिक, आंतरिक सुरक्षा और बाहरी सुरक्षा से जुड़ी कई चुनौतियां थीं। आज बस्तर में अमन चेन स्थापित हुआ हैं और तेजी के साथ विकास पटल पर बस्तर चल पड़ा यह सब आज मोदी जी के दृढ़ संकल्प के कारण ही संभव हो पाया हैं। भाजपा नेता ने कहा कि मोदी के नेतृत्व में देश 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रहा है। 17 सितंबर को बूथ-बूथ प्रज्वालित होगा ‘आशीर्वाद का दिया’ अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के मौके पर ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम से होगी। भाजपा कार्यकर्ता बूथ स्तर तक मंदिरों, सार्वजनिक स्थानों, लाभार्थियों और कार्यकर्ताओं के घरों में दीप जलाएंगे। युवा मोर्चा की ओर से रक्तदान कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा ‘मेरे सपनों का भारत’, ‘सेवा नमो दाता नमो सेवा’, ‘अनकही कहानियां’, ‘आंगन मिलन सेवा’, ‘वडनगर से वाराणसी सेवा यात्रा’, ‘मेरा सेवा योगदान’, ‘सेवा शक्ति इनोवेशन चैलेंज’ और ‘सुशासन संवाद’ जैसे कार्यक्रम भी अभियान का हिस्सा होंगे। सुकमा में लाखों दीयों से प्रज्वलित होगा आशीर्वाद का दिया भाजपा जिला अध्यक्ष धनीराम बारसे ने बताया कि जिला मुख्यालय सुकमा में करीब लाखों दीये प्रज्वालित करके विशेष कार्यक्रम किया जाएगा। इसके जरिए प्रधानमंत्री के 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन और इस दौरान हुए बदलावों को सामने रखने की तैयारी है। उन्होंने बताया कि स्कूलों में चित्रकला प्रतियोगिता से लेकर ब्लॉक और जिला स्तर तक अलग-अलग कार्यक्रम होंगे। वहीं ‘आंगन मिलन’ के तहत बूथ स्तर पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया जाएगा। गांवों की ‘तब और अब’ की कहानी वीडियो में आएगी भाजपा अब 25 साल पहले और वर्तमान समय के गांवों की तस्वीर भी लोगों के सामने रखने की तैयारी कर रही है। इसके लिए छोटे-छोटे वीडियो तैयार किए जाएंगे। इनमें सड़क, बिजली, पानी, स्कूल और आंगनबाड़ी जैसी सुविधाओं में आए बदलाव को दिखाया जाएगा। इन वीडियो को डिजिटल और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित कर लोगों से जुड़ने की योजना है। जी वेंकट और धनीराम बारसे ने कहा कि सेवा पर्व के जरिए भाजपा केंद्र सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों तक पहुंचेगी और सेवा, सुशासन तथा विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाएगी। प्रेसवार्ता में भाजपा प्रदेश विशेष आमंत्रित अरुण सिंह भदौरिया, हूंगाराम मरकाम, जिला उपाध्यक्ष नूपुर वैदिक,नगरपालिका अध्यक्ष हुंगाराम मरकाम, जिला उपाध्यक्ष पार्वती प्रधानी, महामंत्री विश्वराज सिंह चौहान, मंडल अध्यक्ष रमाकांत नायक, जिला मंत्री संजय सोढ़ी, जिला कोषाध्यक्ष रणजीत बारठ, जिलाध्यक्ष भाजयुमो शोभन गंदामी, जिला प्रवक्ता रमेश यादव, सोशल मीडिया सहप्रभारी रमेश कर्मा, जिला महामंत्री भाजयुमो प्रवीण बारसे, समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।



