किरंदुल में मनोनीत एल्डरमैनों ने ली पद एवं गोपनीयता की शपथ
नगर विकास और जनसेवा के लिए पूरी निष्ठा से काम करेंगे : संजीव दास

किरंदुल। नगर पालिका परिषद किरंदुल के सभा कक्ष में शुक्रवार को राज्य शासन द्वारा मनोनीत एल्डरमैनों का शपथ ग्रहण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में नव-नियुक्त एल्डरमैनों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ लेकर अपने दायित्वों का विधिवत निर्वहन शुरू किया। अनुविभागीय दंडाधिकारी ने राज्य शासन द्वारा मनोनीत एल्डरमैन संजीव दास, शेख नजमुल हक, पी. श्रीनु, जोशना सवाई और सुनीता साहू को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण के बाद एल्डरमैन संजीव दास ने राज्य शासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि नगर के 18 वार्डों में विकास, जनहित के कार्यों और नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए वे हमेशा सक्रिय रहेंगे। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि दन्तेवाड़ा विधायक चैतराम अटामी विशिष्ट अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष संतोष गुप्ता तथा अध्यक्षता नगर पालिका परिषद किरंदुल की अध्यक्ष रूबी शैलेंद्र सिंह ने की, नगर पालिका उपाध्यक्ष बबलू सिद्दीकी भाजपा मंडल अध्यक्ष विजय सोढ़ी सहित पार्षदगण बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।समापन में मुख्य नगरपालिका अधिकारी शशि भूषण महापात्र ने सभी अतिथियों और उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया।



