900 विद्यार्थियों ने ली नशामुक्त भारत बनाने की शपथ
नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम में विद्यार्थियों को बताए नशे के दुष्प्रभाव

आरंग। ब्रह्माकुमारी प्रजापिता प्रकाशमणि दादी के स्मृति दिवस के अवसर पर नशामुक्त भारत अभियान एवं मिशन स्पंदन के अंतर्गत आरंग के कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, स्वामी आत्मानंद हाईस्कूल एवं मदर्स प्राइड स्कूल में नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर स्वस्थ एवं नशामुक्त जीवनशैली के लिए प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने सामूहिक रूप से नशामुक्त भारत के निर्माण की शपथ ली। तीनों विद्यालयों के करीब 900 विद्यार्थियों ने सभी प्रकार के नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार, मित्रों एवं समाज के अन्य लोगों को भी नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर ब्रह्माकुमारीज मेडिकल विंग, राजयोग एजुकेशन एंड रिसर्च फाउंडेशन एवं प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की ओर से लता दीदी, पिंकी दीदी, मोहन साहू, सूर्यकांत, पवन भाई एवं विजय चंद्राकर ने विद्यार्थियों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी। वक्ताओं ने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखकर स्वस्थ, मूल्यनिष्ठ और सकारात्मक समाज का निर्माण किया जा सकता है। अभियान के तहत 20 अगस्त तक देशभर में 10 करोड़ नशामुक्ति प्रतिज्ञाएं लेने का लक्ष्य रखा गया है। विद्यालयों में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए ‘मेरा भारत—नशामुक्त भारत’ का संदेश दिया। कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारीज आरंग के प्रतिनिधियों के साथ विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।



