सेवा सेतु पोर्टल के तहत राशन कार्ड बनाने व विलोपित करने की सुविधा अब सीएसस सेंटर में
आवश्यक दस्तावेज के साथ उपस्थित होकर किया जा सकेगा आवेदन

उत्तर बस्तर कांकेर 13 जुलाई 2026/ राज्य सरकार के महत्वाकांक्षी कार्यक्रम के तहत शासकीय कार्य को अधिक पारदर्शी व सुलभ बनाने के उद्देश्य से सेवा सेतु (ई-डिस्ट्रिक्ट) पोर्टल प्रारंभ किया गया है, जिसके तहत लगभग 240 से अधिक सेवाओं को शामिल किया गया है। इसी क्रम में सार्वजनिक वितरण प्रणाली तथा छत्तीसगढ़ खाद्य एवं पोषण सुरक्षा अधिनियम के अंतर्गत नवीन राशन कार्ड बनाने तथा विलोपित करने जैसी सेवाएं प्रारंभ की गई हैं। लोक सेवा केन्द्रों के माध्यम से स्थानीय स्तर पर राशन कार्ड बनाने, सदस्य जोड़ने तथा विलोपित करने का कार्य सेवा सेतु पोर्टल में शामिल किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार चिप्स द्वारा राशन कार्ड बनाने, सदस्य जोड़ने तथा विलोपित करने संबंधी ऑनलाइन आवेदन करने का प्रावधान लोक सेवा केन्द्रों के साथ-साथ स्थानीय निकायों एवं आम नागरिकों को सेवा सेतु पोर्टल sewasetu.cgstate.gov.in के माध्यम से उपलब्ध कराया गया है। ई डिस्ट्रिक्ट मैनेजर ने बताया कि जिले के सभी नगरीय निकायों एवं ब्लॉक मुख्यालयों में उपरोक्त पोर्टल के माध्यम से नवीन राशन कार्ड बनाने, सदस्य जोड़ने तथा विलोपित करने हेतु ऑनलाईन आवेदन पत्र किया जा रहा है। ऑनलाईन आवेदन प्राप्त होने के उपरांत प्राधिकृत सत्यापन अधिकारी द्वारा उनका परीक्षण कर सत्यापन किया जाएगा तथा उनकी अनुशंसा पर पोर्टल में ऑनलाइन दर्ज कर डिजिटल हस्ताक्षर के उपरांत स्वीकृतकर्ता अधिकारी को अग्रेषित किया जाएगा। इसके पश्चात स्वीकृतकर्ता अधिकारी द्वारा आवेदन पत्र में दर्ज जानकारी व अपलोड किए गए दस्तावेजों का नियमानुसार परीक्षण व सत्यापन कर राशन कार्ड जारी करने की स्वीकृति दी जाएगी। इस तरह सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से अब ब्लॉक एवं पंचायत स्तरों पर भी राशन कार्ड संबंधी आवेदन प्राप्त कर आवश्यक कार्यवाही हेतु उच्च सक्षम कार्यालय को अग्रेषित किया जा सकेगा।



