श्री राघव मंदिर में गोस्वामी तुलसीदास जयंती पर हुआ सामूहिक सुंदरकांड पाठ*
श्री राघव मंदिर में गोस्वामी तुलसीदास जयंती पर हुआ सामूहिक सुंदरकांड पाठ*

Kirandul। नगर की सुख शांति समृद्धि एवं मंगलकामनाओं के लिए श्री राम जन कल्याण सेवा समिति, गायत्री परिवार और सुंदरकांड पाठ सेवा समिति के संयुक्त तत्वावधान में गोस्वामी तुलसीदास जयंती के अवसर पर श्रीरामचरितमानस सुंदरकाण्ड का सामूहिक पाठ आयोजित किया गया। यह आयोजन बुधवार, 19 अगस्त 2026 को श्री राघव मंदिर प्रांगण में दैनिक आरती के पश्चात शाम 7 बजे सम्पन्न हुआ। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पाठ में सहभागिता कर प्रभु श्रीराम का गुणगान किया। गोस्वामी तुलसीदास जी ने संस्कृत के महाकाव्य को आम लोगों की भाषा अवधी में 'रामचरितमानस' के रूप में लिखकर घर-घर तक पहुंचाया। उन्हें 'हनुमान चालीसा', 'विनय पत्रिका' और 'गीतावली' जैसी अमर कृतियों का रचनाकार माना जाता है। धार्मिक परंपरा के अनुसार इस दिन भगवान राम, माता सीता और हनुमान जी की पूजा के साथ गोस्वामी तुलसीदास जी के वचनों व चौपाइयों का पाठ किया जाता है। यह दिन हिंदी साहित्य के महान संत और 'श्रीरामचरितमानस' के रचयिता गोस्वामी तुलसीदास जी की 529वीं जयंती के रूप में मनाया गया। हिन्दू पंचांग के अनुसार यह पर्व हर वर्ष सावन मास के शुक्ल पक्ष की सप्तमी तिथि को मनाया जाता है। कार्यक्रम के अंत में विश्व शांति एवं नगरवासियों की सुख-समृद्धि की कामना के साथ आरती एवं प्रसाद वितरण किया गया।



