मुंगेली में कारगिल विजय दिवस श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाया गया
बी.आर.एस.एम. कृषि अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी महाविद्यालय एवं अनुसंधान केन्द्र

मुंगेली/बी.आर.एस.एम. कृषि अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी महाविद्यालय एवं अनुसंधान केन्द्र, मुंगेली में कारगिल विजय दिवस श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाया गया। इस अवसर पर कारगिल युद्ध के अमर वीर शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। साथ ही भारत रत्न एवं पूर्व राष्ट्रपति डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम की पुण्यतिथि पर भी उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम के दौरान कारगिल युद्ध पर आधारित प्रेरणादायक डॉक्यूमेंट्री का प्रदर्शन किया गया, जिसके माध्यम से विद्यार्थियों ने भारतीय सेना के अदम्य साहस, शौर्य एवं बलिदान को निकटता से जाना। कार्यक्रम अध्यक्ष प्रभारी अधिष्ठाता डॉ. देबाशीष पाधी ने अपने उद्बोधन में कहा कि कारगिल के वीर सैनिकों का बलिदान प्रत्येक भारतीय के लिए प्रेरणास्रोत है तथा युवाओं को राष्ट्रभक्ति, अनुशासन एवं कर्तव्यनिष्ठा के मूल्यों को अपने जीवन में अपनाना चाहिए। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने वीर शहीदों के सम्मान में अपने श्रद्धासुमन अर्पित किए। अंत में सभी प्राध्यापकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता की रक्षा तथा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की शपथ ली। कार्यक्रम का संचालन डॉ. मोनिका सिंघई, सहायक पुस्तकालयाध्यक्ष द्वारा किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, अधिकारी, कर्मचारी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।



