ग्राम पंचायत पंधी में सरपंच पति पर मनमानी के आरोप, ग्रामीणों ने CEO से निष्पक्ष जांच की मांग
ग्राम पंचायत पंधी में सरपंच पति पर मनमानी के आरोप, ग्रामीणों ने CEO से निष्पक्ष जांच की मांग

आरंग। जनपद पंचायत आरंग की ग्राम पंचायत पंधी में पंचायत संचालन को लेकर विवाद गहरा गया है। ग्रामवासियों ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) जनपद पंचायत आरंग को शिकायत ज्ञापन सौंपकर सरपंच पति परमानंद साहू पर पंचायत कार्यों में कथित हस्तक्षेप, मनमानी और विभिन्न योजनाओं में अनियमितताओं के गंभीर आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि पंचायत के तीन तालाबों का मखाना खेती के लिए तीन वर्षों के लिए 75 हजार रुपये में पट्टा ग्राम सभा की स्वीकृति, पंचायत के विधिवत प्रस्ताव और ग्रामीणों की सहमति के बिना दिया गया। ग्रामीणों का कहना है कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री आवास योजना के क्रियान्वयन पर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि कई पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ नहीं मिल रहा, जबकि अपात्र लोगों को लाभ दिलाने का प्रयास किया गया। शिकायत में पात्रता सूची में बाहरी व्यक्ति का नाम शामिल किए जाने तथा गांव की एक महिला के आवास निर्माण में कथित रूप से बाधा पहुंचाने का भी उल्लेख किया गया है। ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि निर्वाचित सरपंच श्रीमती जितेंद्री साहू के स्थान पर उनके पति परमानंद साहू पंचायत के कार्यों और निर्णयों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि पंचायत से जुड़ी जानकारी मांगने या सवाल उठाने पर ग्रामीणों पर दबाव बनाया जाता है, जिससे पंचायत की पारदर्शिता और जवाबदेही प्रभावित हो रही है। ग्रामीणों ने मांग की है कि पंचायत के अभिलेख, प्रस्ताव पुस्तिका, तालाब पट्टा, प्रधानमंत्री आवास योजना की पात्रता सूची सहित सभी संबंधित दस्तावेजों की निष्पक्ष जांच कराई जाए। साथ ही जांच में शिकायत सही पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित किये जाने की मांग की है।



