किरंदुल में सीसी सड़क निर्माण का भूमि पूजन
किरंदुल में सीसी सड़क निर्माण का भूमि पूजन, विकास कार्यों को मिलेगी गति।

किरंदुल। नगर पालिका परिषद किरंदुल के वार्ड क्रमांक 3 में बहुप्रतीक्षित सीसी सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ रविवार को विधिवत भूमि पूजन के साथ किया गया। नगर पालिका अध्यक्ष रूबी शैलेंद्र सिंह ने भूमि पूजन कर निर्माण कार्य की शुरुआत की और कहा कि नगर के प्रत्येक वार्ड में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार प्राथमिकता के साथ किया जा रहा है। बेहतर सड़कें नागरिकों के आवागमन को सुगम बनाने के साथ ही क्षेत्र के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। उपाध्यक्ष बबलू सिद्दीकी ने कहा कि नगर पालिका परिषद द्वारा जनभावनाओं के अनुरूप सड़क, पेयजल, स्वच्छता और अन्य आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे नगरवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। भूमि पूजन कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष रूबी शैलेंद्र सिंह उपाध्यक्ष बबलू सिद्दीकी, पार्षद के. साजी, वार्ड नंबर 3 के पार्षद देवकी ठाकुर, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष शैलेंद्र सिंह, एल्डरमैन संजीव दास, उपसरपंच तपन दास, एल्डरमैन पी. श्रीनु, जोशना सवाई सहित जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।उपस्थित लोगों ने वार्ड में सड़क निर्माण कार्य शुरू होने पर प्रसन्नता व्यक्त किया।



