ऑपरेशन "सिपाही रक्षा सूत्र–2026"
ऑपरेशन "सिपाही रक्षा सूत्र–2026" के तहत गुजरा विद्यालय की छात्राओं ने वीर जवानों के लिए बनाई राखियां

आरंग। रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, गुजरा, विकासखंड आरंग की स्काउट-गाइड इंदिरा गांधी रेंजर दल की छात्राओं ने ऑपरेशन "सिपाही रक्षा सूत्र–2026" के अंतर्गत देश की सीमाओं पर तैनात वीर सैनिकों के लिए अपने हाथों से सुंदर राखियां तैयार कीं। छात्राओं ने प्रेम, सम्मान, कृतज्ञता और राष्ट्रभक्ति की भावना से ओत-प्रोत रक्षा-सूत्र बनाकर सैनिकों के प्रति अपनी आत्मीय श्रद्धा व्यक्त की। विद्यालय परिवार ने बताया कि ये रक्षा-सूत्र केवल धागों का बंधन नहीं, बल्कि देश की रक्षा में दिन-रात समर्पित जवानों के प्रति बच्चों के विश्वास, सम्मान और आभार का प्रतीक हैं। रक्षाबंधन का पर्व प्रेम, विश्वास और सुरक्षा के अटूट संबंध का संदेश देता है। हमारे सैनिक अपने परिवारों से दूर रहकर हर परिस्थिति में देश की सीमाओं की रक्षा करते हैं, जिससे देशवासी सुरक्षित और निडर होकर अपना जीवन जी पाते हैं। विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती साक्षी खरे ने इस सराहनीय पहल के लिए छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, सेवा भावना और सैनिकों के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि रेंजर्स द्वारा तैयार किए गए रक्षा-सूत्र जब सैनिकों तक पहुंचेंगे तो उन्हें यह संदेश मिलेगा कि देश का प्रत्येक बच्चा उनके त्याग और बलिदान का सम्मान करता है तथा उनके सुरक्षित, स्वस्थ और उज्ज्वल जीवन की कामना करता है। इस अवसर पर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, गुजरा (आरंग) के समस्त विद्यालय परिवार ने देश के सभी वीर सैनिकों को रक्षाबंधन की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके अदम्य साहस, पराक्रम और राष्ट्रसेवा को शत-शत नमन किया।



