ऑटो वाहन चालकों की बैठक आयोजित कर यातायात व्यवस्था सुदृढ़ बनाने एवं सड़क सुरक्षा के संबंध में दिए गए आवश्यक निर्देश
ऑटो वाहन चालकों की बैठक आयोजित कर यातायात व्यवस्था सुदृढ़ बनाने एवं सड़क सुरक्षा के संबंध में दिए गए आवश्यक निर्देश, साथ ही चलाया गया यातायात जागरूकता अभियान

सुकमा। आज रविवार को वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना सुकमा में नगर पालिका अधिकारी विनीत गुप्ता एवं थाना प्रभारी सुकमा निरीक्षक रोशन सिंह राजपूत द्वारा सुकमा बस स्टैंड से विभिन्न मार्गों पर संचालित ऑटो चालकों एवं उनके समूह की बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य नगर की यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित करना, सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा आम नागरिकों को सुरक्षित एवं सुगम परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना रहा। बैठक में उपस्थित सभी ऑटो चालकों को निम्नानुसार आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए— - बस स्टैंड स्थित स्वामी विवेकानंद प्रतिमा के समीप केवल टर्न के अनुसार तत्काल सवारी ले जाने वाले सीमित संख्या में ऑटो ही खड़े रहेंगे। शेष सभी रूटों के ऑटो निर्धारित पार्किंग स्थल (बस स्टैंड के पीछे) में ही पार्क किए जाएंगे।- सभी ऑटो चालकों को यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए।- प्रत्येक ऑटो का वैध पंजीयन (Registration), बीमा (Insurance) तथा चालक के पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस अनिवार्य रूप से रखने के निर्देश दिए गए।- ऑटो के दोनों ओर बाहर की तरफ सवारी बैठाकर वाहन संचालन नहीं करने की समझाइश दी गई।- शराब अथवा किसी भी प्रकार के नशे का सेवन कर ऑटो का संचालन नहीं करने हेतु सख्त निर्देश दिए गए। - यातायात नियमों के उल्लंघन से होने वाली सड़क दुर्घटनाओं एवं उनके गंभीर दुष्परिणामों के संबंध में विस्तार से जानकारी देकर सभी चालकों को जागरूक किया गया।- किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, अवैध प्रवासी अथवा आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्ति की जानकारी तत्काल थाना सुकमा पुलिस को देने की अपील की गई।बैठक के उपरांत थाना सुकमा पुलिस द्वारा सुकमा–दंतेवाड़ा मार्ग पर विशेष यातायात जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान वाहन चालकों को रोककर हेलमेट, सीट बेल्ट, निर्धारित गति सीमा, वैध दस्तावेजों के साथ वाहन संचालन एवं अन्य यातायात नियमों का पालन करने संबंधी समझाइश दी गई तथा सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।थाना सुकमा पुलिस आम नागरिकों एवं वाहन चालकों से अपील करती है कि यातायात नियमों का पालन कर स्वयं एवं अन्य लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि, अवैध प्रवासी अथवा आपराधिक व्यक्ति की सूचना तत्काल निकटतम पुलिस थाना अथवा डायल 112 पर दें। जनसहयोग से ही सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं अपराधमुक्त सुकमा का निर्माण संभव है।



