आरंग के खतरनाक सड़क जंक्शनों पर रिस्क ऑडिट की मांग
दुर्घटनाओं की आशंका बरकरार

आरंग। नगर के प्रमुख मार्गों और व्यस्त चौक-चौराहों पर बढ़ते यातायात दबाव के बीच सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता लगातार बढ़ रही है। विशेष रूप से राजिम से आरंग पहुंच मार्ग, कॉलेज चौक, नया मंडी जाने वाला चौक तथा राजीव गांधी नहर से गौरव पथ को जोड़ने वाला जंक्शन दुर्घटना संभावित क्षेत्रों के रूप में सामने आए हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इन स्थानों पर वाहनों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है, लेकिन यातायात प्रबंधन की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। इन जंक्शनों पर पूर्व में कई छोटे-बड़े हादसे भी हो चुके हैं, जिससे आम लोगों में चिंता का माहौल है। नागरिकों ने मांग की है कि इन मार्गों का वैज्ञानिक तरीके से रिस्क ऑडिट (Road Safety Risk Audit) कराया जाए, ताकि सड़क की डिजाइन, दृश्यता, संकेतक, प्रकाश व्यवस्था, स्पीड कंट्रोल और ट्रैफिक फ्लो से जुड़ी कमियों की पहचान कर आवश्यक सुधार किए जा सकें। उनका मानना है कि समय रहते सुरक्षा उपाय अपनाने से भविष्य में होने वाली गंभीर दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है। स्थानीय लोगों एवं जनप्रतिनिधियों ने लोक निर्माण विभाग, नगर पालिका परिषद और यातायात पुलिस से इस विषय को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि जनहित को ध्यान में रखते हुए इन जंक्शनों पर संकेतक बोर्ड, स्पीड ब्रेकर, ट्रैफिक सिग्नल, रोड मार्किंग, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था तथा नियमित यातायात निगरानी सुनिश्चित की जाए। नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते आवश्यक सुरक्षा उपाय नहीं किए गए तो भविष्य में किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता। इसलिए प्रशासन को सड़क सुरक्षा के इस महत्वपूर्ण मुद्दे पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करनी चाहिए।



